नीमच। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नीमच द्वारा आयोजित 15 दिवसीय डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन सीरीज का शुभारंभ रविवार को रक्तदान शिविर के साथ हुआ। चोरड़िया हॉस्पिटल स्थित डी-लाइफ ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में चिकित्सकों, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कुल 54 यूनिट रक्तदान किया। शिविर का आयोजन IMA नीमच शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया के नेतृत्व में किया गया। रक्तदान अभियान में डॉक्टरों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में डॉ. मनीष चमड़िया, डॉ. योगेन्द्र धाकड़, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. नितिन जैन, डॉ. अर्नव चंदेल, डॉ. अंकित माहेश्वरी एवं डॉ. आशीष देवधर सहित कई चिकित्सकों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर में मेडिकल कॉलेज नीमच के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सम्राट गोयल, मलय काले, मेहुल कोड़िया और संस्कार सिंह राजपूत सहित कई मेडिकल छात्रों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इसके अलावा शहर के अनेक नागरिकों ने भी रक्तदान कर कार्यक्रम में सहभागीता निभाई। इस मौके IMA नीमच शाखा के सचिव डॉ. आदित्य भंडारी, डी-लाइफ ब्लड बैंक के संचालक डॉ. मनीष छाबड़ा आदि भी मौजूद थे। सभी रक्तदाताओं का किया सम्मान- शिविर के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। IMA अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने सभी रक्तदाताओं, मेडिकल छात्रों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में आगामी दिनों में भी विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। शिविर में मिली सहभागिता यह साबित करती है कि नीमच में सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना आज भी जीवंत है।