नीमच। राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में उठे विवाद के बीच मंगलवार को जिला युवा कांग्रेस ने नीमच में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया, नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बना) के नेतृत्व में कांग्रेसजन बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "लोकतंत्र बचाओ" और "भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब करो" जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सीधा हमला है। ज्ञापन में कहा गया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की होती है, लेकिन वर्तमान घटनाक्रम से ऐसा प्रतीत होता है कि संवैधानिक संस्थाओं पर राजनीतिक दबाव बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र की भावना के विपरीत बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल- राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने मांग की कि विपक्षी दलों के प्रत्याशियों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने के किसी भी प्रयास पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए तथा नामांकन निरस्त करने वाले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे तो जनता का विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। पुतला दहन कर जताया आक्रोश- ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर चुनाव आयोग का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर राजनीतिक माहौल गर्म रहा। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बना) ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और विपक्ष की आवाज दबाने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जो घटनाक्रम सामने आया है, वह निष्पक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह (मन्नू बना), पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, जिला कांग्रेस संगठन मंत्री ब्रजेश मित्तल, मुकेश कालरा, मनीष सिंह, बबली तंवर, बलवंत पाटीदार, आशा शांभर, अशोक गुर्जर, अजय यादव, श्रवण सेन, यश लोहारे, कमल चपरीबंद, रोहित गुर्जर, लालचंद धनगर, गजेंद्र प्रताप सिंह, अर्जुन धनगर, मुजीब खान, शफीक खान, हिदायतुल्लाह खान, निर्मल पाटीदार, वैभव जैन, अरबाज, शाहरुख, हर्ष चौधरी, सोनू धाकड़, परवेश धाकड़, बिट्टू बन्ना, महेंद्र सिंह, केपी सिंह, सोनू, राहुल बैरागी, बनवारी जोशी, अभिषेक, रघुवीर सिंह, रवि मारू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे