नीमच। जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए नीमच पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वैसे तो हर शनिवार को जिले में नीमच पुलिस की कॉम्बिंग गश्त होती है, जिसके तहत फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें मैदान में उतरती हैं, लेकिन कल रात कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद किसी भी थाना प्रभारी या ऑन-ड्यूटी जवान को नहीं थी। शनिवार की आधी रात को नीमच पुलिस कप्तान राजेश व्यास अचानक खुद जमीनी हकीकत परखने के लिए मनासा पट्टी की तरफ निकल पड़े, जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।
आधी रात के सन्नाटे में निकले एसपी राजेश व्यास ने मनासा रोड की तरफ रुख किया और रास्ते में आने वाले विभिन्न सुरक्षा पॉइंटों और थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर लगे चेकिंग पॉइंट, जवासा चौकी, मनासा थाना और कुकड़ेश्वर थाना पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। पुलिस कप्तान ने मौके पर खुद खड़े होकर यह जांचा कि जो पॉइंट पुलिसकर्मियों को अलॉट किए गए थे, वे वास्तविक रूप से वहां लगे हैं या नहीं, और मौके पर संबंधित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मुस्तैद हैं या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी परखा कि वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर जो दिशा-निर्देश दिए गए थे, उनका जमीनी स्तर पर सही ढंग से पालन हो रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों को रात के समय गश्त और चेकिंग में किसी भी प्रकार की ढील न बरतने और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए। एसपी के इस तरह अचानक आधी रात को सड़कों पर उतरने से पुलिस महकमे के साथ-साथ आम जनता में भी सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और सकारात्मक संदेश जाता है