नीमच। भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) नीमच द्वारा चिकित्सकों के लिए आयोजित किए जा रहे डॉक्टर्स प्रीमियर लीग (डीपीएल)-2026 का शुभारंभ 17 जून से होगा। पखवाड़े तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में जिले के डॉक्टर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सभी प्रतियोगिताएं आईएमए हाउस में रात्रि 8.30 बजे से आयोजित की जाएंगी। आईएमए नीमच के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमाड़िया एवं सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने संयुक्त रूप से बताया कि डीपीएल-2026 का उद्देश्य चिकित्सकों को उनकी व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर खेल, फिटनेस और मनोरंजन से जोड़ना है। खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं, बल्कि आपसी समन्वय, टीम भावना और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं की शुरुआत 17 एवं 18 जून को टेबल टेनिस से होगी। इसके बाद 19 एवं 20 जून को शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 24 एवं 25 जून को बैडमिंटन एवं कैरम के मुकाबले होंगे, जबकि 29 एवं 30 जून को क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ डीपीएल-2026 का समापन किया जाएगा। डॉ. चमाड़िया एवं डॉ. भंडारी ने कहा कि डीपीएल केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चिकित्सा समुदाय के सदस्यों को एक मंच पर लाने का प्रयास है, जहां वे स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी संवाद और सहयोग की भावना को भी मजबूत कर सकें। उन्होंने जिले के सभी चिकित्सकों से आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि "टुगेदर वी प्ले, टुगेदर वी विन" की भावना और "वन प्रोफेशन, वन पैशन, वन डीपीएल" की थीम पर आयोजित यह आयोजन चिकित्सकों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति सकारात्मक संदेश भी देगा