*KHABAR : सोयाबीन बोवनी के बीच लिया गया फैसला किसान विरोधी, सरकार तुरंत वापस ले प्रतिबंध, युवा कांग्रेस की मांग, पढ़े MP44 NEWS खबर*

MP44 NEWS June 15, 2026, 8:31 pm Technology

नीमच। जिले में पेट्रोल पंपों से केन, जार एवं डिब्बों में डीजल दिए जाने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। युवा कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वैभव अहीर ने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है, जब जिले में सोयाबीन बोवनी और खेतों की तैयारी का कार्य पूरे जोर-शोर से चल रहा है। वैभव अहीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान खेतों में कृषि कार्यों के लिए केन, जार और डिब्बों में डीजल लाकर ट्रैक्टर, पंपसेट तथा अन्य कृषि उपकरणों का संचालन करते हैं। जिले के अनेक गांवों से पेट्रोल पंप कई किलोमीटर दूर स्थित हैं, ऐसे में किसानों को बार-बार अपने कृषि यंत्रों के साथ पेट्रोल पंप तक जाना पड़ेगा, जिससे समय, श्रम और आर्थिक व्यय में अनावश्यक बढ़ोतरी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों की वास्तविक जरूरतों और परिस्थितियों को समझने में विफल रही है। खेती-किसानी को सुविधाजनक बनाने के बजाय ऐसे निर्णय किसानों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाले साबित हो रहे हैं। सरकार को जमीनी हकीकत को ध्यान में रखते हुए इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार करना चाहिए। वैभव अहीर ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुविधाओं तथा हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यदि सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो किसानों में व्यापक असंतोष उत्पन्न होगा। उन्होंने मांग की कि किसान हित में केन एवं डिब्बों में डीजल देने पर लगाई गई रोक को तत्काल हटाया जाए और कृषि कार्यों को प्रभावित करने वाले ऐसे निर्णयों से बचा जाए। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो संगठन किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को भी बाध्य होगा।

Related Post

window.OneSignal = window.OneSignal || []; OneSignal.push(function() { OneSignal.init({ appId: "6f6216f2-3608-4988-b216-8d496a752a67", }); });