नीमच। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नीमच में भव्य एवं प्रेरणादायी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध नेफ्रालॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र एरन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में ब्रह्माकुमारी श्रुति दीदी, संदीप खाविया एवं योग गुरु भरतराम पाटीदार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें योग गुरु भरतराम पाटीदार ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र एरन, ब्रह्माकुमारी श्रुति दीदी तथा अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित एवं सकारात्मक दिशा देने वाली एक संपूर्ण जीवन-पद्धति है। उन्होंने युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के डीन डॉ. आदित्य वेरड़ ने भी योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव एवं अनियमित जीवनशैली के बीच योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास प्रदान करता है।
योग दिवस के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए गए, जिनके माध्यम से योग के विभिन्न लाभों एवं स्वस्थ जीवन के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की
योग कार्यक्रम का संचालन डॉ. मृदुल त्रिपाठी द्वारा किया गया।
इस पूरे कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त चिकित्सकगण, छात्र-छात्राएं, इंटर्न एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे