मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अपने सतत अभियान के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), मध्य प्रदेश इकाई के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है तथा इसके अवैध परिवहन में संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
सीबीएन नीमच द्वारा विकसित विशिष्ट गुप्त सूचना के आधार पर यह जानकारी प्राप्त हुई थी कि झारखंड पंजीकरण संख्या वाली एक हुंडई क्रेटा कार में भारी मात्रा में अवैध अफीम को गुवाहाटी से जोधपुर ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर सीबीएन नीमच के अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन कर दिनांक 19 जून, 2026 को तैनात किया गया।
प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर लगभग 2,000 किलोमीटर लंबे मार्ग पर कड़ी निगरानी एवं सतत सर्विलांस रखा गया। संदिग्ध वाहन की सफल पहचान के उपरांत सीबीएन अधिकारियों ने दिनांक 20 जून, 2026 की प्रातःकालीन बेला में आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर उक्त हुंडई क्रेटा कार को उसके चालक सहित रोक लिया।
इसके पश्चात् वाहन की तलाशी स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस अधिनियम) के प्रावधानों के अनुरूप ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिक्की में रखी तीन बोरियों से कुल 109 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 115.160 किलोग्राम अफीम पाई गई। यह भी पाया गया कि तस्करों द्वारा अफीम की गंध को छिपाने के उद्देश्य से वाहन के अंदर भारी मात्रा में इत्र (परफ्यूम) का छिड़काव किया गया था।
आरोपी को स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है तथा जब्त की गई अफीम एवं हुंडई क्रेटा कार को आगे की वैधानिक कार्यवाही हेतु अपने कब्जे में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि उक्त मादक पदार्थ की तस्करी गुवाहाटी से जोधपुर की ओर की जा रही थी। इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी तथा स्रोत से गंतव्य तक सम्पूर्ण आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है