चित्तौड़गढ़ - बड़ी सादड़ी नगर के वार्ड नंबर 6 में स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार देर रात चोर द्वारा मंदिर के दान पात्र को तोड़कर नगद और चांदी चुराकर ले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चोर ने शुक्रवार रात करीब 1 बजे लोहे के सरिये से मंदिर का दान पात्र तोड़ा और उसमें जमा 12 हजार रुपये नगद तथा पांच चांदी की अंगूठियां चुरा लीं। रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी राहुल वैष्णव मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि दान पात्र टूटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत गुप्तेश्वर महादेव सेवा समिति को सूचना दी। गुप्तेश्वर महादेव विकास समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस थाना बड़ी सादड़ी को दी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर यह पता चला कि रात 1 बजे चोर कंबल ओढ़े हुए लोहे के सरिये से दान पात्र तोड़ते हुए नगद व चांदी की अंगूठियां ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। गुप्तेश्वर महादेव विकास समिति द्वारा इस घटना की रिपोर्ट पुलिस थाना बड़ी सादड़ी में दर्ज करवाई गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।