नीमच - गुड़ी पड़वा हिंदू नव वर्ष के पावन अवसर पर मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई। मंदिर समिति के मुकेश धनगर ने बताया की इस विशाल आयोजन में सैकड़ों राम भक्तों ने भाग लिया। प्रभात फेरी का शुभारंभ मंशापूर्ण महादेव हनुमान मंदिर से हुआ, जिसमें श्रद्धालु भगवा ध्वज लहराते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से धर्म और संस्कृति का संदेश देते हुए गुजरे राम भक्ति में रंगा पूरा नगर सुबह 8 बजे प्रारंभ हुई प्रभातफेरी इंदिरा नगर विस्तार, न्यू इंदिरा नगर, क्लासिक क्राउन भगवानपुर चौराहा जैसे प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शंखनाद, ढोल-ताशों की गूंज के बीच भक्तों ने भजन गाए और उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इस आयोजन में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे भारी संख्या में सम्मिलित हुए।
श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
प्रभात फेरी के मार्ग में श्रद्धालुओं ने रंगोलियां सजाईं और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई, जिससे पूरा इंदिरा नगर "श्री राम जय राम", "हरे रामा हरे कृष्णा" के भक्तिमय जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा नववर्ष का यह शुभ अवसर हर्ष और उल्लास का है, क्योंकि हम सभी गुड़ी पड़वा हिंदू नव वर्ष का स्वागत करने के लिए एकत्रित हुए हैं। यह पर्व न केवल एक नए वर्ष का आरंभ है, बल्कि यह हमारी संस्कृति परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को भी दर्शाता है।
गुड़ी पड़वा का दिन हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की याद दिलाता है। इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी, और यह दिवस विजय, उत्साह और नई ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। आज जब हम राम धुन प्रभात फेरी निकाल रहे हैं, तो यह न केवल भक्ति और श्रद्धा का संगम है, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और धर्म के प्रचार-प्रसार का भी संदेश देता है।गुड़ी पड़वा केवल नव वर्ष का आरंभ नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और परंपराओं का एक भव्य उत्सव है। यह दिन हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा को अपनाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने समाज से आव्हान किया कि
धर्म और संस्कृति को अपनाएँ और अगली पीढ़ी को इससे जोड़ें।
सद्भाव, प्रेम और सेवा की भावना को बढ़ावा दें।
सत्कर्म और सन्मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र की उन्नति में योगदान दें।
इसके साथ ही उन्होंने प्रेरणादायक विचार साझा करते हुए कहा कि
हम सभी चाहते हैं कि हमारे समाज में सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, सुखदेव राजगुरु जैसे वीर सपूत जन्म लें, लेकिन अक्सर यह सोचते हैं कि वे किसी और के घर में जन्म लें। किंतु आज इस धार्मिक जागरूकता और राष्ट्रभक्ति के वातावरण ने हर घर में एक नए सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, सुखदेव , राजगुरु जन्म देने का संकल्प जगा दिया है। अब हर घर में धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पित हो रहे है, जो हमारे सनातन धर्म और भारत की गरिमा को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।मंदिर पर महाआरती एवं नीम अर्क वितरण
सुबह 10 बजे प्रभात फेरी पुनः मंशापूर्ण महादेव रणजीत हनुमान मंदिर पहुँची। यहां भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आरती संपन्न हुई। इसके उपरांत भक्तों को नीम अर्क मिश्री काली मिर्च का वितरण किया गया, जिससे उनकी आरोग्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो सके।
आभार प्रदर्शन
मंदिर समिति के गुणवंत जैन ने कहा कि
भगवान श्रीराम की स्थापना के बाद से यह प्रभात फेरी हमारी धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा बन गई है। सभी भक्तों की उपस्थिति और सहयोग के लिए हम हृदय से कृतज्ञ हैं।धर्म और संस्कृति का संदेश इस आयोजन ने यह प्रमाणित किया कि धर्म और संस्कृति के प्रति समर्पण, एकता और जागरूकता समाज को सशक्त बनाती है। सनातन संस्कृति के इस महान पर्व पर नगरवासियों का यह उल्लास सनातन धर्म की अखंडता एवं गौरव को दर्शाता है।