नीमच। क्षेत्रीय जन-आस्था के प्रमुख केंद्र मंशापूर्ण बालाजी मंदिर डूंगलावदा में इस वर्ष हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अपार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की भव्यता को लेकर मंदिर समिति और ग्रामवासियों द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। प्रतिवर्ष की गौरवशाली परंपरा को निभाते हुए इस बार भी मंदिर परिसर में आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कार्यक्रम का मंगलारंभ अलसुबह 31 मूर्धन्य विद्वान पंडितों के सानिध्य में आयोजित विशेष हवन-पूजन से होगा, जिसमें वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि की आहुतियां दी जाएंगी। अनुष्ठान के उपरांत आचार्य व पंडितों का विधिवत पूजन-वंदन किया जाएगा। इस पावन अवसर पर आयोजित होने वाली विशाल भोजन प्रसादी का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे से होगा, जो अनवरत दोपहर 3:15 बजे तक जारी रहेगी। इस महाप्रसादी में डूंगलावदा सहित समूचे अंचल से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है और मंदिर की आकर्षक साज-सज्जा भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से इस दिव्य आयोजन में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।