प्रसिद्ध टीवी और फिल्म एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे मंगलवार तड़के कारोबारी पति विक्की जैन के साथ श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां दोनों ने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। अंकिता और विक्की सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। दोनों ने नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और पूरे समय भक्ति में लीन नजर आए। दर्शन के दौरान दोनों ने नंदी जी का पूजन किया और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद मंदिर की देहरी से जल अर्पित कर भगवान का आशीर्वाद लिया। अंकिता लोखंडे ने कहा कि वह इंदौर की रहने वाली हैं और बचपन में कई बार महाकाल मंदिर आई हैं, लेकिन भस्म आरती में पहली बार शामिल हुईं। आज जो अनुभूति हुई, उसे शब्दों में बयान नहीं कर सकती। सोशल मीडिया पर आरती देखना और सामने बैठकर देखना बिल्कुल अलग अनुभव है। ऐसा लगता है जैसे महाकाल की उपस्थिति आपके सामने हो। अंकिता ने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि यहां दर्शन की पूरी व्यवस्था बहुत अच्छी है।