नीमच, 04 अप्रैल (नप्र)। गोमाबाई नेत्रालय, नीमच ने एक बार फिर उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा का परिचय देते हुए 60 वर्षीय महिला को नई दृष्टि प्रदान की। कोटा के लाड़पुरा निवासी श्रीमती तसलीम, जो लंबे समय से गंभीर नेत्र रोग से पीड़ित थीं, उनका सफल कॉर्निया प्रत्यारोपण (Cornea Transplant) कर दृष्टि पुनः स्थापित की गई। महिला की एक आंख में कॉर्निया संक्रमण एवं कालापानी (ग्लूकोमा) के कारण दृष्टि पूरी तरह समाप्त हो चुकी थी। विभिन्न स्थानों पर उपचार के बावजूद जब कोई लाभ नहीं मिला, तब उन्हें गोमाबाई नेत्रालय लाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के बाद कॉर्निया प्रत्यारोपण की सलाह दी। नेत्र विशेषज्ञों की टीम द्वारा अत्यंत कुशलता से ऑपरेशन किया गया, जिसमें क्षतिग्रस्त कॉर्निया को बदलकर नया कॉर्निया प्रत्यारोपित किया गया। ऑपरेशन पूर्णतः सफल रहा और उपचार के बाद महिला की दृष्टि सामान्य हो गई। अब वे दोनों आंखों से स्पष्ट रूप से देखने में सक्षम हैं। गोमाबाई नेत्रालय में यह कॉर्निया प्रत्यारोपण सेवा मरीजों के लिए निःशुल्क उपलब्ध है। सफल उपचार से प्रसन्न रोगी एवं उनके परिजनों ने नेत्रालय प्रबंधन और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यहां की सेवाओं की सराहना की।