*KHABAR : मंदसौर में समीक्षा बैठक में जल गंगा अभियान पर जोर:कलेक्टर ने जल स्रोत संरक्षण, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर सख्त निर्देश, पढ़े MP44 NEWS खबर*

MP44 NEWS April 6, 2026, 7:14 pm Technology

मंदसौर के सुशासन भवन सभागार में सोमवार को कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में 'जल गंगा संवर्धन अभियान' पर विशेष जोर दिया गया। सभी जनपद पंचायतों को कार्य योजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश मिले। कलेक्टर ने तालाबों से गाद निकालने, बावड़ियों की गहराई तक सफाई करने और जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता देने को कहा। इसके अतिरिक्त, समाप्त हो चुके पुराने जल स्रोतों का जीर्णोद्धार कर उन्हें पुनर्जीवित करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य जिले की जल संरचना को मजबूत करना है। पेयजल व्यवस्था के संबंध में, पीएचई विभाग और जल निगम को जनभागीदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। नगरीय निकायों को ग्रीष्मकाल में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थानीय जल स्रोतों की पहचान कर उन पर कार्य करने के लिए कहा गया। चेकलिस्ट के अनुसार नियमित जांच के निर्देश कलेक्टर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन, एचपीवी वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र पूरा करने और पीडीएस दुकानों को नियमित रूप से खोलकर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा के दौरान किसानों के पुनः सत्यापन और भंडारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। सभी उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारियों को आधारभूत सुविधाओं की चेकलिस्ट के अनुसार नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए। नरवाई प्रबंधन के तहत सभी एसडीएम को तहसीलवार रिपोर्ट तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद विक्रय और निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने को भी कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में संजय गांधी उद्यान में आयोजित पुस्तक मेले और पुस्तक दान पहल की सराहना की गई। साथ ही, सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें और साइकिल वितरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

window.OneSignal = window.OneSignal || []; OneSignal.push(function() { OneSignal.init({ appId: "6f6216f2-3608-4988-b216-8d496a752a67", }); });