रतलाम नगर निगम में 7 अप्रैल को होने वाले साधारण सम्मेलन से पहले सोमवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ रैली निकालकर निगम परिसर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महापौर के खिलाफ 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए और नगर निगम के गेट का ताला धक्का देकर खोल दिया। कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता शहर की समस्याओं से जुड़े बैनर पहनकर इस घेराव में शामिल हुए। कांग्रेस के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने एहतियातन मुख्य गेट पर ताला लगा दिया था। रैली जब निगम पहुंची, तो कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच महामंत्री राजीव रावत और पूर्व प्रदेश सचिव मंसूर अली पटौदी ने गेट को धक्का देकर खोल दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता निगम परिसर के भीतर दाखिल हो गए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने बताया कि मंगलवार को होने वाले सम्मेलन में टैक्स बढ़ाने समेत कई जनविरोधी प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि, "महंगाई, सीवरेज और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने यह मोर्चा खोला है।" सोमवार सुबह 11 बजे सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता शहीद चौक (शहर सराय) पर एकत्र हुए। यहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता नगर निगम का घेराव करने पहुंचे। इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने पहले ही बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली थी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जनता के हितों के खिलाफ कोई भी प्रस्ताव पारित नहीं होने दिया जाएगा।