मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे एनडीपीएस अभियान के तहत मन्दसौर की दलौदा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 34 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5000 रुपए के इनामी आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने फरार आरोपी रहमत उर्फ कारू पिता शफी मोहम्मद अजमेरी, निवासी बागलिया थाना हतुनिया जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) को रविवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के दिन से ही फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदेश के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने यह कार्रवाई की है। थाना दलौदा पर दिनांक 25 नवंबर 2024 को सोनगिरी-निरधारी रोड पर कार्रवाई करते हुए टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 34 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, 11 किलोग्राम सोडियम तथा 275 ग्राम स्मैक जब्त की गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 520/24 धारा 8/21, 25, 29, 9A एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। जांच के दौरान इस पूरे मामले का मुख्य सरगना रहमत उर्फ कारू अजमेरी सामने आया, जो घटना के बाद से फरार हो गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। रहमत अजमेरी घटना के बाद से लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 5000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अंततः पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों के चलते आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे मादक पदार्थों के नेटवर्क और अन्य संलिप्त आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।