"नशा मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दिनांक 22 जून 2026 को कुल 72,000 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त की तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
विशिष्ट खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति प्रतिबंधित दवाओं की खेप लेकर आगरा से महवा की ओर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवाहन निगम (UPSRTC) की बस से यात्रा कर रहा था। सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) जयपुर के अधिकारियों की एक टीम गठित कर उक्त बस की निगरानी एवं रोकने हेतु रवाना किया गया। कड़ी निगरानी के बाद संदिग्ध बस की पहचान कर उसे आगरा-महवा मार्ग पर भरतपुर बाईपास के निकट, महवा जिला दौसा (राजस्थान) में रोका लिया गया। इसके उपरांत उक्त बस की तलाशी ली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। उक्त व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से तीन पॉलीबैग में छिपाकर रखे गए कुल 72,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। बरामद प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल को जब्त कर लिया गया तथा एक आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
उपरोक्त कार्रवाई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) अधिकारियों की कडी मेहनत, सतर्कता एवं समर्पण का प्रत्यक्ष परिणाम है। "नशा मुक्त भारत अभियान" की शून्य सहनशीलता नीति के अंतर्गत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध तस्करी नेटवर्क एवं ड्रग कार्टेल्स को पूर्णतः समाप्त करना है।