गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर मुख्य समारोह रतलाम के नेहरू स्टेडियम पोलो ग्राउंड पर होगा। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। शासकीय कार्यलयों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
मुख्य अतिथि का आगमन सुबह8.58 बजे होगा।
ध्वजारोहण के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि मंत्री काश्यप द्वारा किया जाएगा। मुख्य समारोह में मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा शासकीय विभागों द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य अतिथि काश्यप द्वारा जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को पुरस्कृत, सम्मानित किया जाएगा।
भारत पर्व का आयोजन
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी की संध्या पर रतलाम में लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन होगा। स्थानीय कालिका माता परिसर स्थित सांस्कृतिक मंच पर शाम 7 बजे से कार्यक्रम होगा। भारत पर्व कार्यक्रम में भोपाल के योगेश बाथम तथा दल द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। धार के कृष्णा मालीवाड़ एवं दल द्वारा भगोरिया लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा जिला जनसंपर्क कार्यालय रतलाम द्वारा शासन की योजनाओं कार्यक्रमों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
रेलवे ग्राउंड पर डीआरएम करेंगे ध्वजारोहण
रतलाम रेल मंडल का मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम रेलवे ग्राउंड में होगा। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश कुमार ध्वजारोहण करेंगे। प्रात: 10.5 बजे मंडल रेल प्रबंधक का आगमन होगा तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त की अगवानी में ध्वजारोहण स्थल तक जाकर ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण के बाद डीआरएम रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट गाइड एवं सिविल डिफेंस रतलाम की यूनिटों की परेड का निरीक्षण करेंगे।