चित्तौड़गढ़ में दो दिनों से मौसम स्थिर बना हुआ है। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लेकिन रात का पारा अभी भी सिंगल डिजिट पर बना हुआ है। दोपहर में तेज धूप ने तपाया और रात को ठंडी हवाओं ने कंपाया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
ठंडी हवाओं से मौसम हुआ ठंडा
बढ़ती गर्मी के बीच एक बार फिर चित्तौड़गढ़ का मौसम बदला। न्यूनतम तापमान फिर से डबल डिजिट से सिंगल डिजिट पर आ गया। रात और सुबह ठंडी हवाओं से मौसम ठंडा हो गया। जबकि दोपहर में तपती धूप से लोग परेशान होने लगे। 2 दिन से न्यूनतम तापमान स्थिर बना हुआ है। रात का पारा 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि दिन का पारा 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
आगामी दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक अब मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि हालांकि, 13-14 फरवरी को एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश की संभावना काफी कम है। वहीं, 2 से 3 डिग्री तापमान बढ़ने की संभावना भी जताई गई है।