रतलाम - बारिश के दिनों में कुडैल नदी पर पानी आने से खेतों में जाने का रास्ता बंद होने से नाराज ग्राम हतनारा के किसानों ने बुधवार को जल सत्याग्रह शुरू कर दिया। पुलिया निर्माण व ग्रेवल रोड स्वीकृत करने की मांग को लेकर सुबह करीब 10 बजे से कई किसान नदी के पानी में बैठ गए। करीब दो घंटे बाद समझाइश देने आए जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी को भी किसानों ने वापस भेज दिया। रात करीब नौ बजे किसान नदी से बाहर निकले और आज भी जल सत्याग्रह करने की बात कही। दरअसल हतनारा ग्राम के कई किसानों के खेत कुडैली नदी के दूसरे किनारे पर स्थित हैं। यहां करीब 1200 बीघा क्षेत्र में खेती होती है। वर्षाकाल में नदी पूर आने के चलते जुलाई से नवंबर तक किसानों को खेत तक पहुंचने में परेशानी होती है।