उज्जैन - स्थित महाकाल मंदिर परिसर में कर्मचारियों ने केक काटकर सहकर्मी युवती का बर्थडे सेलिब्रेट किया। मामला मंगलवार का है। इसका वीडियो बुधवार को सामने आया। जिसके बाद मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ के निर्देश पर 10 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, पुजारी ने भी इसे धार्मिक मान्यताओं के उलट बताया है। मंदिर परिसर में प्रोटोकॉल ऑफिस के पास भोपाल की AR (ऑग्मेंटेड रियलिटी) कंपनी को VR (वर्चुअल रियलिटी) तकनीक से महाकाल मंदिर की भस्म आरती दिखाने का टेंडर मिला है। कंपनी के 12 से ज्यादा कर्मचारी रोजाना श्रद्धालुओं को भस्म आरती के दर्शन करवाते हैं। मंगलवार को कर्मचारी रचना विश्वकर्मा का जन्मदिन था। प्रोटोकॉल कार्यालय के फर्स्ट फ्लोर पर साथी कर्मचारियों ने बाकायदा केक काटकर उसका बर्थडे मनाया। सेलिब्रेशन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।। वीडियो में केक काट रही युवती के साथ कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं। युवती मंदिर परिसर में ही केक काट रही है। वीडियो में महाकाल लोक भी दिख रहा है।