इंदौर - संगीत जगत में स्वर कोकिला लता मंगेशकर का नाम एक अद्वितीय गायिका के रूप में लिया जाता है। उन्होंने फिल्म जगत में करीब 70 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कई लोकप्रिय गीत गाए जो आज भी लोगों के दिलों में गूंजते हैं। इन्हीं गीतों के माध्यम से वे हमारे दिलों में आज भी जीवित हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। शहर में शनिवार शाम आयोजित हुए राष्ट्रीय लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने संगीत जगत की दो हस्तियों को लता मंगेशकर अलंकरण सम्मान प्रदान किया। राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में हुए इस गरिमामय आयोजन में डॉ. यादव ने संगीत निर्देशक उत्तम सिंह और पार्श्व गायिका केएस चित्रा को सम्मानित किया।