मंदसौर - जिले के कई इलाकों में आज सुबह से कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के दो सिस्टम की एक्टिविटी के चलते ऐसा हो रहा है। अगले 24 घंटों में सिस्टम कमजोर हो जाएगा। जिले में कल भी एक दो स्थानों पर गरज चमक इए साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के 46 जिलों से मानसून लौट चुका है, लेकिन 2 सिस्टम फिर से एक्टिव हो गए हैं। अक्टूबर में जब भी दशहरा पड़ता है, तब बारिश के आसार बनते हैं। इस बार भी दशहरे पर मौसम बदला रहा। पिछले 10 साल में 6वीं बार दशहरे पर बारिश, गरज-चमक और आंधी चली। इसलिए बदला मौसम सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया, 'अरब सागर में लो प्रेशर एरिया के साथ मानसून ट्रफ की एक्टिविटी है। इस वजह से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल संभाग में नमी ला रही हैं और बारिश हो रही है। 15 अक्टूबर तक ऐसा ही मौसम रहेगा।' अगले सप्ताह बढ़ेगी ठंडक मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह यानी 20 अक्टूबर से प्रदेश में ठंडक बढ़ने का अनुमान है। रात में पारा 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच सकता है। हालांकि, दिन में तापमान 33-34 डिग्री के बीच ही रहेगा। अक्टूबर के आखिरी में दिन के तापमान में भी गिरावट होने लगेगी।