नीमच - रामगंज मंडी नगर पालिका के वार्ड नंबर 27 से निर्दलीय पार्षद अमन यादव की रविवार देर शाम मध्यप्रदेश में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यादव अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से नीमच से रामगंज मंडी लौट रहे थे, इस दौरान रामपुरा-गांधीसागर के बीच उनकी बाइक तेज गति में सड़क पर बैठी भैंस से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में अमन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों साथी कुशाल और विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज नीमच के अस्पताल में चल रहा है। पार्षद अमन यादव की मौत की खबर से उनके वार्ड में शोक की लहर फैल गई है। यादव की 10 महीने की बेटी है, जिससे अब उसका पिता का साया उठ गया। इस घटना से परिवार और समर्थकों में गहरा दुःख व्याप्त है। दोस्तों के साथ नीमच गए थे परिजनों के अनुसार, अमन यादव अपने दोस्तों कुशाल और विशाल के साथ नीमच गए थे। लौटते समय यह हादसा हुआ। यादव वार्ड नंबर 27 के युवा और सक्रिय पार्षद थे। उनकी शादी दो साल पहले हुई थी और उनके परिवार में उनकी 10 महीने की बेटी है। घटना के बाद घायलों का उपचार नीमच के अस्पताल में जारी है।