नीमच - पति की लंबी उम्र की कामना के साथ मनाया जाने वाला महिलाओं के लिए विशेष महत्वपूर्ण करवा चौथ का त्योहार नजदीक है। इसको लेकर महिलाओं में उत्साह का माहौल है। नई नवेली दुल्हन हो या बुजुर्ग महिलाएं सभी पूरे उत्साह के साथ करवा चौथ को मनाने के लिए रेडी हैं। अपने सुहाग की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ की कामना से की जाने वाली पूजा और व्रत की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। करवा चौथ के लिए नीमच शहर के बाजार पूरी तरह से सज चुके हैं। शहर के व्यस्तम आजाद चौक मार्केट में महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ दिखाई दे रही हैं। जो करवा चौथ पर होने वाली विशेष पूजा सामग्री की खरीदारी में जुटी हुई हैं। शहर में इन दिनों महिलाओं के लिए करवा चौथ के मौके पर विभिन्न प्रकार की छलनी, रंगीन करवे ओर करवा चौथ किट बाजार में बिकने के लिए लाए गए हैं। जो सबके आकर्षण का केंद्र है। करवा चौथ एक ऐसा त्योहार हैं जिसका महिलाओं को साल भर इंतजार रहता हैं। इस दिन महिलाएं विशेष तौर पर सोलह श्रृंगार करती हैं। पूरा दिन निराहार रहकर चांद की पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं।