भोपाल - प्रदेश में दो विधानसभा सीटों पर उप चुनाव के लिए प्रचार जोर पकड़ रहा है। मंगलवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एआईसीसी महासचिव बुदनी विधानसभा में थे। एआईसीसी महासचिव भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा केवल झूठ परोस कर जनता को भ्रमित करती है और वोट कबाड़ती है, वोट मिलते ही जनता से किए वादे भूल जाती है। पार्टी प्रत्याशी राजकुमार पटेल को कांग्रेस का सच्चा सिपाही बताते हुए सिंह ने कहा कि इन्हें विधायक बनाएंगे तो यहां विकास दिखेगा। पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव और पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा भी बुदनी में प्रचार करने पहुंचे। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराजसिंह चौहान ने बुदनी का विकास नहीं किया। इसके जवाब में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि बुदनी में विकास की हर ईंट भाजपा ने लगाई। प्रदेश में भी भाजपा ने ही विकास की इबारत लिखी है। भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पहुंचे वीडी शर्मा ने कहा कि मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूं कि 2003 से पहले बुदनी की स्थिति क्या थी? उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भी तंज कसे। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथ की माइक्रोप्लानिंग करें और विधानसभा व लोकसभा चुनाव की तरह जीत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रत्याशी है। शिवराज सिंह चौहान और पायलट आज विजयपुर में केंद्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान बुधवार को विजयपुर में भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस की तरफ से राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलय बुधवार को विजयपुर में रहेंगे। विजयपुर में वन मंत्री रामनिवास रावत भाजपा से और कांग्रेस से मुकेश मल्होत्रा प्रत्याशी हैं।