चित्तौड़गढ़ । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सोमवार देर रात चित्तौड़ पहुंचे थे। देरी से आने पर सांवरा सेठ के दर्शन नहीं कर पाए थे। अब मंगलवार को सबसे पहले श्री सांवलिया जी दर्शन के लिए गए। उसके बाद दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से लगातार की जा रही घोषणा सिर्फ घोषणा ही हैं। धरातल पर इस पर कोई काम नहीं हो रहा है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह छटपटा रहे हैं, इसीलिए कभी देश को बदनाम करते हैं तो कभी सेना को। भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी मंगलवार सुबह से ही चित्तौड़गढ़ दौरे पर रहे। वे जनसंघ के समय नेता कैलाश झांवर के घर पहुंचे और उनकी कुशल क्षेम पूछी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। बुजुर्गों के मार्गदर्शन और युवा शक्ति के माध्यम से राजस्थान में भाजपा का काम पहले से ही मजबूत था। अब आगे और बढ़ाएंगे। राहुल गांधी छटपटाहट में कर रहे हैं देश का अपमान जोशी ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में अब क्या बोला जा सकता है। दुनिया में जाकर भारत को नीचा दिखाने का काम करते हैं। भारतीय सेना का अपमान करते हैं। अपने आप को न्यायालय से ऊपर मानते हैं। 9 साल से कांग्रेस पार्टी में उनका आधार खत्म सा हो चुका है। उनको यह पच नहीं रहा कि एक गरीब मां की कोख से पैदा हुआ आदमी देश की सेवा कर रहा है। इसी छटपटाहट में वह कभी नेता को बदनाम करते हैं, कभी देश को और कभी सेना को। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से जो लगातार घोषणा की जा रही है, वह सिर्फ घोषणा है। धरातल पर यह योजनाएं कभी नहीं आएगी। पिछले घोषणाओं का भी हाल बुरा था और इस बार उससे भी बुरा हश्र होगा।