नीमच | जिला कलेक्टर द्वारा घोषित स्वच्छता का शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शनिवार 14 मार्च को शहर के उप नगर बघाना स्थित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और गणेश स्कूल के यहां सफाई कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के साथ ही चार लापरवाह कर्मचारियों को कार्य से बंद करने के निर्देश दिए। विदित हो कि जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले की सभी निकायों के अधिकारियों को प्रति शनिवार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने व नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए थे! उसी निर्देश के तहत बामनिया द्वारा निरंतर शनिवार के साथ ही अन्य दिनों में भी शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को सुधारा जा रहा है! शनिवार 14 मार्च को बामनिया ने बघाना क्षेत्र में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया ओर विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सफाई व्यवस्था देखी तथा कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर चेक करने के साथ ही कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर स्वच्छता पर्यवेक्षक व स्वच्छता जनसेवकों को नालियों व सड़क की नियमित रूप से सफाई करने तथा समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए! निरीक्षण के दौरान बामनिया बघाना स्थित गणेश स्कूल क्षेत्र में पहुंची और वहां घरों के बाहर तक तथा नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण से सफाई कार्य में आ रही बाधा को देखते हुए रहवासियों को समझाइश दी कि अगर वह अपने क्षेत्र में सफाई चाहते हैं तो अपने घर के बाहर तथा नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटा ले जिससे व्यवस्थित रूप से नालियों की सफाई व क्षेत्र में पर्याप्त साफ सफाई की जा सके! बामनिया ने अधीनस्थ अमले को निर्देश दिए की अगर नागरिक नालियों के ऊपर से स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें और अपने संसाधनों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें! बामनिया ने निरीक्षण के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने वाले चार लापरवाह कर्मचारियों को कार्य से बंद करने के निर्देश भी स्वास्थ्य अधिकारी को दिए! निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भेरूलाल अहीर,अविनाश घेँघट भी साथ थे!