निम्बाहेड़ा। लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी नगर मण्डल निम्बाहेड़ा ने अपनी तैयारियों को गति देते हुए शक्तिकेन्द्रों पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें आरम्भ कर दी हैं। इसी संदर्भ में बुधवार देर सांय भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी की अध्यक्षता में शक्तिकेन्द्र क्रमांक 1 व 2 के पदाधिकारियों एवं बूथ कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।
स्थानीय भाजपा कार्यालय पर शक्ति केन्द्र क्रमांक 1 की बैठक नगर अध्यक्ष चतुर्वेदी की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पार्षद सुरेश खेरादिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं बूथ कार्यकर्ताओं को अपने अपने बूथ पर भाजपा को बढ़त दिलाते हुए जीताने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी क्रम में शक्ति केन्द्र क्रमांक 2 की बैठक वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पारस पारख के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष चतुर्वेदी ने बूथ जीतने की कार्य योजना पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अपने अपने बूथ पर कड़ी मेहनत कर भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया।
दोनों बैठकों में शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।