इंदौर के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई। बुधवार की गिरावट के बाद गुरुवार को सोना 1,000 रुपए उछलकर 97,000 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। बुधवार को यह 96,000 रुपए पर था।
चांदी में भी लगातार तेजी, 600 रुपए का उछाल
चांदी की कीमतों में भी मजबूती का रुख बना रहा। गुरुवार को चांदी चौरसा 600 रुपए की बढ़त के साथ 98,600 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। कारोबारियों के मुताबिक डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी में सतर्कता का माहौल है, ऐसे में सोना और जापानी येन जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी की चाल
अंतरराष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स में सोना 3,333 से 3,367 डॉलर प्रति औंस और चांदी 32.67 से 33.38 डॉलर प्रति औंस के दायरे में कारोबार कर रही है।
सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय हालात का असर
दुनियाभर में चल रहे भू-राजनीतिक तनावों का असर भी कीमती धातुओं पर दिखाई दे रहा है। अमेरिका-चीन व्यापार विवाद को लेकर असमंजस बना हुआ है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर लगे शुल्कों में राहत के संकेत दिए थे, लेकिन उनके बयान में स्पष्टता की कमी और अधिकारियों के मिले-जुले रुख के चलते बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है। इसी वजह से सोने की कीमतों में गिरावट अल्पकालिक रही।