नीमच | प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा नीमच जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को नीमच जिले के अल्प प्रवास दौरान सर्किट हाउस नीमच पर जिले के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक एवं चर्चा कर नीमच जिले में विकास गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता, पेट्रोल, डीजल की उपलब्धता की स्थिति, पेयजल योजनाओं की क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की स्थिति एवं तैयारी, ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्या से निपटने की कार्य योजना सहित अन्य विकास गतिविधियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर सांसद सुधीर गुप्ता, जावद क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, नीमच क्षेत्र के विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा क्षेत्र के विधायक अनिरुद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पंड्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, एसडीम संजीव साहू एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। प्रारंभ में नीमच सर्किट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल एवं अन्य अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री की अगवानी कर उनका पुष्पगुच्छ भेटकर स्वागत किया। नीमच सर्किट हाउस पर सांसद, विधायकगणों, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी प्रभारी मंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। सर्किट हाउस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक के बाद प्रभारी मंत्री भूरिया नीमच से मंदसौर के लिए रवाना हुई