मंदसौर। श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पुजारी परिवार द्वारा भगवान पशुपतिनाथ महादेव का 62वां भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव दिनांक 13 नवम्बर 2022, रविवार अगहन कृष्ण पंचमी को मनाया जायेगा। मंदिर में इस तरह का यह पहला आयोजन है।
पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पुजारी परिवार के अनुसार 62 वर्ष पूर्व अगहन कृष्ण पंचमी को ही भगवान पशुपतिनाथ महादेव की प्रतिमा स्थापित हुई थी। इस तरह भगवान पशुपतिनाथ महादेव की मंदिर में स्थापना वर्ष को लेकर बड़ा आयोजन किया जा रहा है।
इसी के अंतर्गत पशुपतिनाथ महादेव मंदिर पुजारी परिवार द्वारा 13 नवम्बर को भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर में 2 बजे से 51 ब्राह्मणों द्वारा भगवान का रूद्राभिषेक होगा, शाम 4 बजे भगवान की अष्टमुखी प्रतिमा का विशेष फूलों से भव्य श्रृंगार किया जाएगा एवं भगवान को 11 हजार मावा मिश्री के लड्डूओं का भोग लगेगा।
शाम 6 बजे भगवान पशुपतिनाथ महादेव की होने वाली नित्य आरती के पश्चात काशी में होने वाली गंगा मैया की आरती के तर्ज पर भगवान पशुपतिनाथ महादेव की भव्य आरती की जाएगी। आरती पश्चात प्रसाद का वितरण किया जाएगा।