जिले में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 2 दिन से लापता ग्राम आक्या कुंवर पदा निवासी युवक शैलेंद्र सिंह मीणा (25) पिता कचरूलाल मीणा की लाश खेत के पास ही फंदे पर लटकी मिली। फांसी लगाकर सुसाइड का यह पिछले 19 दिनों में छठा मामला है। पुलिस के मुताबिक, मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के बयान दर्ज होने के बाद ही कोई सुराग मिल सकता है। बता दें कि कि जिले में पिछले डेढ़ साल में आत्महत्या का यह 15वां मामला है। चिंताजनक बात यह है कि जान देने वालों में से 12 तो युवा ही हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच: खुदकुशी के पीछे ये प्रमुख कारण आ रहे सामने- बीते सवा साल में हुई आत्महत्याओं की जांच के दौरान पुलिस के सामने मौत के जो प्रमुख कारण आए हैं, उनमें पारिवारिक तनाव, प्रेम प्रसंग, प्रताड़ना, परीक्षा के पेपर बिगड़ना, सोशल साइट हैकिंग और सगाई टूटना जैसे विषय प्रमुख रहे हैं। पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठन अब युवाओं की काउंसलिंग पर जोर देने की बात कह रहे हैं।