नीमच आज पूरी तरह भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया… सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मनाए जा रहे चेट्रीचंड्र महोत्सव में श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूज्य सिंधी पंचायत नीमच के तत्वावधान में निकली भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। सुबह अभिषेक के साथ शुरू हुए इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा—श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर से निकली विशाल शोभायात्रा… जिसमें वरुण अवतार भगवान झूलेलाल सजी-धजी डोली में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले और भक्तों को दर्शन दिए। ढोल-नगाड़ों की गूंज… डीजे की धुन… पुष्पवर्षा और इत्रवर्षा… हर ओर जयकारों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाजजन, आकर्षक झांकियां और सजावट ने शोभायात्रा को और भी भव्य बना दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई यह शोभायात्रा एक बार फिर श्री भाग्येश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी… जिसके बाद भोग, लंगर प्रसादी, ठंडाई वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चेट्रीचंड्र पर्व के अवसर पर आज सिंधी समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं।