नीमच/भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनसरोकारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश सचिव महेश वीरवाल को नीमच जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान और जमीनी नेतृत्व को प्रोत्साहन के रूप में देखा जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के निर्देश एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने यह नियुक्ति की है। महेश वीरवाल लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। समाज के बीच निरंतर संवाद, पार्टी विचारधारा के प्रचार-प्रसार और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने विश्वास व्यक्त किया कि महेश वीरवाल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ अनुसूचित जाति विभाग को नीमच जिले में नई मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को ऐसे समर्पित और कर्मठ नेतृत्व की आवश्यकता है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की आवाज पहुंचा सके। नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि महेश वीरवाल के अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता का लाभ नीमच जिले में कांग्रेस को मिलेगा तथा आगामी समय में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी। इस नियुक्ति की प्रतिलिपि जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती और अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष राकेश जावरिया को भी भेजी गई है, ताकि जिले में संगठनात्मक समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई है कि महेश वीरवाल के नेतृत्व में अनुसूचित जाति विभाग न केवल संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर पार्टी की जनाधार बढ़ाने की दिशा में भी सार्थक कार्य करेगा।