"कलश सिर पर थे, जयघोष होठों पर था और आस्था हर कदम के साथ चल रही थी... नीमच में ग्वालियर-चंबल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा का शुभारंभ ऐसा हुआ कि शहर की फिजा ही भक्तिमय हो गई। लाल चुनरी में सजी महिलाएं, केसरिया साफों में युवा और भक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालुओं का सैलाब जब शहर की सड़कों से गुजरा तो हर नजर उसी ओर ठहर गई। देखिए आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का यह भव्य संगम..."
ग्वालियर-चंबल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान गंगा का शुभारंभ शनिवार को भव्य अमृत मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। गंगेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। लाल चुनरी धारण किए महिलाओं और केसरिया साफों में सजे पुरुषों की मौजूदगी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में नगर की प्रथम नागरिक स्वाति गौरव चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।