नीमच। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार से शहर के मंगलम रिसोर्ट में शुरू होगा। करीब एक दशक बाद जिले में आयोजित हो रहे इस महत्वपूर्ण शिविर में मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष सहित कांग्रेस संगठन के प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि शिविर में कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क, चुनावी प्रबंधन तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञ संगठन को मजबूत बनाने के सूत्र साझा करेंगे। शिविर में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी संजय दत्त, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियव्रतसिंह, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले तथा प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के अनुसार आज पहले दिन जीतू पटवारी दोपहर 12.45 बजे तथा प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी दोपहर 3 बजे प्रशिक्षण सत्रों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा संजय दत्त, प्रियव्रतसिंह, मीनाक्षी नटराजन और संजय कामले भी अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। बाहेती ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कांग्रेस का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के साथ संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए और अधिक मजबूत बनाएगा।